प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बिहार ने करीब तीन दशक पहले देश को उम्मीद और विश्वास की राह दिखाई थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में सुशासन का भरोसा मजबूत हुआ और अब केंद्र तथा राज्य की डबल इंजन सरकार बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए काम कर रही है।
वैशाली की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी राज्य में हो रहे बदलाव और विकास के प्रति जनता के उत्साह को दिखाती है। छठ महापर्व के बाद बिहार में विकास का पर्व मनाने की बात कहते हुए उन्होंने एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर गठबंधन के घटक दलों को शुभकामनाएं दीं।
नीतीश सेतु को मुख्यमंत्री के सम्मान का प्रतीक बताया
प्रधानमंत्री ने आधुनिक पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान का प्रतीक बताया। उनके मुताबिक, इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान होगा और दूरी कम होगी। किसानों को अपनी फसल और सब्जियां बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों और युवाओं के साथ-साथ इलाज के लिए आने-जाने वाले बुजुर्गों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मोदी ने बिहार में सड़क नेटवर्क के विस्तार का जिक्र करते हुए औरंगाबाद में छह लेन सड़क के लोकार्पण को विकास यात्रा की एक और कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में हाईवे परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
ऊर्जा और शहरी विकास परियोजनाओं पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास के क्षेत्र में भी काम तेज हुआ है। बक्सर, पीरपैंती और फुलवरिया बांध क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य के गांवों में कभी बिजली पहुंचाना चुनौती माना जाता था, वह अब बिजली उत्पादन का केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें शुरू किए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों का जिक्र
मोदी ने कहा कि एनडीए शासन से पहले बिहार की पहचान घोटालों से जोड़ी जाती थी, जबकि अब राज्य में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार के दौरान दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं। गया में स्टील परियोजना पर काम और मोतिहारी की चीनी मिल को दोबारा चालू करने के लिए गन्ना नीति बनाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, नालंदा, गया, शाहाबाद, कैमूर और पटना समेत राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। किसानों की सुविधा के लिए 11 हजार से अधिक नलकूपों की व्यवस्था और 200 से अधिक डिग्री कॉलेज खोले जाने की बात भी उन्होंने कही। महिलाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए माता सीता डिग्री कॉलेज खोलने के निर्णय का जिक्र किया।
गरीबों के लिए आवास और किसानों को सम्मान निधि
गरीबी उन्मूलन से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों को मुफ्त राशन, इलाज और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
बिहार के संदर्भ में मोदी ने कहा कि राज्य में 43 लाख परिवारों को पक्का मकान मिला है और 75 लाख किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि पहुंची है। उन्होंने यह भी कहा कि 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।
युवाओं से विकसित बिहार के संकल्प में जुटने की अपील
प्रधानमंत्री ने बिहार के युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि वे विकास की जरूरत और उसकी ताकत दोनों को समझते हैं। उन्होंने लोगों से विकसित बिहार और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि राज्य को समर्थ और समृद्ध बनाने के लिए प्रयास जारी रखने होंगे और विकास की इस यात्रा में किसी को रुकना या थकना नहीं है।



