कोटा: राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी। हादसे में सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह करीब 7 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक ट्रैवलर मध्य प्रदेश से यात्रियों को लेकर जयपुर की ओर जा रही थी। कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की तरफ जाने वाले मार्ग पर करीब सुबह 7 बजे वाहन हादसे का शिकार हो गया। टक्कर के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक को झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में हादसे की एक संभावित वजह चालक को नींद की झपकी आना बताई जा रही है। बताया गया कि तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर तोड़कर पुलिया से नीचे जा गिरा। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
राहत और बचाव अभियान शुरू
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों को नाले से बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। सूचना मिलते ही सीमलिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कोटा के नए मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एमबीएस अस्पताल ले जाया गया।
7 लोगों की मौत, कई घायल
सीमलिया थाना अधिकारी के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। करीब 15 से 16 या उससे अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं और कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। प्रशासन और पुलिस की ओर से राहत कार्य के साथ हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
