Nepal Flood Live Updates: नेपाल में बुधवार को अचानक आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। चीन की सीमा से लगे रसुवा जिले में भोटे कोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद कई गांव, सड़कें, पुल और बिजली परियोजनाएं बाढ़ की चपेट में आ गईं। हादसे में अब तक कम से कम 19 लोगों की मौत की खबर है, जबकि सैकड़ों लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के पर्यटन अधिकारियों के अनुसार, लापता लोगों में बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की भी है। स्थिति को देखते हुए नेपाल के कई जिलों के साथ-साथ भारत के बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है।
नेपाल में जलप्रलय से अब तक 100 मौतें, 750 से ज्यादा लापता
नेपाल में आई भीषण बाढ़ से अब तक करीब 100 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 750 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में 133 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
नेपाल में जलप्रलय के चलते काठमांडू यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं स्थगित
नेपाल में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए काठमांडू यूनिवर्सिटी ने सभी चल रही परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मौजूदा हालात और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
नेपाल में फंसे यूपी के लोगों के लिए हेल्पलाइन जारी
नेपाल में बाढ़ या आपदा के कारण फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों की मदद के लिए सरकार ने 1070 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। परिजन इस नंबर पर संपर्क कर मदद और जानकारी ले सकते हैं।
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 62 पहुंची
नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 62 हो गया है, जबकि करीब 500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस मुश्किल घड़ी में भारत ने मदद के लिए तैयारी तेज कर दी है। भारतीय वायुसेना के C-17, C-130J और C-295 विमान स्टैंडबाय पर रखे गए हैं। वहीं, नेपाल में बिगड़े हालात को देखते हुए बिहार में NDRF की टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
नेपाल में लापता लोगों की संख्या 463 पहुंची
नेपाल में बाढ़ के बाद लापता लोगों की संख्या बढ़कर 463 हो गई है। इनमें 133 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इसके अलावा 52 विदेशी नागरिकों और 13 नेपाली नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
नेपाल बाढ़ पर राहुल गांधी ने जताया दुख, लापता भारतीयों की सुरक्षित वापसी की अपील
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि बाढ़ में भारतीय तीर्थयात्रियों समेत सैकड़ों लोगों के लापता होने की खबर बेहद चिंताजनक है।
नेपाल में लापता लोगों की संख्या 463 पहुंची
नेपाल में बाढ़ के बाद लापता लोगों का आंकड़ा बढ़कर 463 हो गया है। इनमें 133 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा 52 विदेशी नागरिकों और 13 नेपाली नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित इलाकों में लापता लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।
नेपाल में 88 लोगों का रेस्क्यू, सैकड़ों अब भी लापता
नेपाल में बाढ़ के बाद नेपाली सेना के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने 88 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि सैकड़ों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

नेपाल में फ्लैश फ्लड की वजह बनी बर्फीली चट्टान? वैज्ञानिकों ने जताई आशंका
नेपाल में भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ को लेकर शुरुआती वैज्ञानिक विश्लेषण में आइस एवलांच (बर्फ का बड़ा हिस्सा टूटकर गिरना) को संभावित वजह बताया गया है। स्कॉटलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ डंडी के ग्लेशियोलॉजिस्ट साइमन कुक के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों के प्रारंभिक अध्ययन से संकेत मिले हैं कि ऊंचाई वाले ग्लेशियर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर हजारों फीट नीचे भोटेकोशी नदी की ओर गिरा। वैज्ञानिकों का मानना है कि इतनी ऊंचाई से बर्फ के बड़े हिस्से के गिरने से भारी ऊर्जा पैदा हुई, जिससे बर्फ तेजी से पिघलकर बड़ी मात्रा में पानी में बदल गई और अचानक आई फ्लैश फ्लड की स्थिति बनी।
शी जिनपिंग ने राहत-बचाव तेज करने का दिया आदेश
नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। चीन के तिब्बत क्षेत्र में भी बाढ़ और मलबे से बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। प्रभावित इलाकों में सैकड़ों बचावकर्मियों को तैनात कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नेपाल में फ्लैश फ्लड से 133 भारतीय लापता
नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के बाद 133 भारतीयों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
नेपाल के लिए IAF के C-17 और C-130 विमान तैयार
नेपाल में राहत अभियान के लिए IAF के C-17 और C-130 विमान स्टैंडबाय पर रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर इनसे राहत सामग्री, मेडिकल टीम, दवाएं और मलबा हटाने के उपकरण भेजे जाएंगे।
नेपाल के लिए भारत भेजेगा राहत सामग्री
नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भारत राहत सामग्री भेजने की तैयारी में है। C-130J विमान के आज रात हिंडन से उड़ान भरने की संभावना है, जबकि राहत सामग्री से भरा C-17 विमान कल रवाना हो सकता है।
नेपाल में बाढ़ से 22 मौतें, 4 जिले प्रभावित
नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ से मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। रसुवा, नुवाकोट, धादिंग और चितवन में मौतों की पुष्टि हुई है। वहीं, प्रभावित इलाकों से 65 घायलों को बचाया गया है।
बाढ़ के संभावित खतरे के चलते कुशीनगर में अलर्ट
नेपाल में बाढ़ के बाद कुशीनगर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर, एसपी केशव कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने टीम के साथ नारायणी नदी से सटे इलाकों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
प्रशासन ने नदी के आसपास के क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की है। साथ ही नारायणी नदी के जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भारतीयों की मदद के लिए नेपाल सरकार के संपर्क में भारतीय दूतावास
नेपाल में बाढ़ से प्रभावित भारतीय नागरिकों की मदद के लिए भारतीय दूतावास नेपाल सरकार के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं: +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500।
नेपाल में बाढ़ के बाद बिहार में हाई अलर्ट, बेतिया-गोपालगंज-मुजफ्फरपुर में NDRF की अतिरिक्त टीमें तैनात
नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार में भी संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने बताया कि राज्य की पूरी आपदा प्रबंधन टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है।उन्होंने कहा कि जिन जिलों में बाढ़ का खतरा अधिक है, वहां पहले ही अलर्ट जारी कर दिया गया है। बेतिया, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर में NDRF की अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं, जबकि संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में SDRF की टीमें पहले से ही मौजूद हैं
PM मोदी ने नेपाल को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बातचीत की है। पीएम मोदी ने इस दौरान बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरी संवेदना जताई और मुश्किल की इस घड़ी में नेपाल के साथ भारत की एकजुटता जाहिर की।
भोटे कोशी नदी में अचानक आया सैलाब
बाढ़ बुधवार सुबह करीब 9 बजे भोटे कोशी नदी में अचानक आई तेज बाढ़ के बाद शुरू हुई। पानी का बहाव इतना तेज था कि रास्ते में आने वाले घर, वाहन, सड़कें और पुल तक बह गए। रसुवा जिले के तिमुरे और स्याफ्रुबेसी इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं।
384 लोग लापता, 105 भारतीय भी शामिल
नेपाल के रसुवा क्षेत्र में बाढ़ के बाद करीब 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना सामने आई है। इनमें कम से कम 105 भारतीय नागरिक शामिल बताए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है, जिसके कारण बड़ी संख्या में तीर्थयात्री और पर्यटक भी इस इलाके में मौजूद थे।
नेपाल में मौत का आंकड़ा बढ़ा
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 19 तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। राहत और बचाव एजेंसियां प्रभावित इलाकों में अभियान चला रही हैं। हालांकि दुर्गम पहाड़ी इलाकों में संपर्क और मौसम की चुनौती के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
