मुंबई: बॉलीवुड के चर्चित कपल करीना कपूर और सैफ अली खान एक बार फिर अपनी मजेदार केमिस्ट्री को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में नजर आए, जहां शादी के 14 साल बाद भी रिश्ते में प्यार और मस्ती बनाए रखने को लेकर कई दिलचस्प बातें सामने आईं।
शो के दौरान कपिल शर्मा ने करीना और सैफ से पूछा कि 14 साल की शादी के बाद भी दोनों इतने फ्रेश और एनर्जेटिक कैसे नजर आते हैं। इस पर सैफ ने मजाकिया अंदाज में घर में घी के इस्तेमाल को इसका राज बताया। करीना ने भी कहा कि उनके घर में घी का खूब इस्तेमाल होता है और बच्चे भी इसे खाते हैं।
करीना के घी लगाने की आदत पर सैफ ने किया मजाक
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए सैफ ने बताया कि करीना सिर्फ घी खाती ही नहीं हैं, बल्कि रात में पैरों पर भी घी लगाती हैं। करीना ने इस आदत को अपनी अच्छी नींद से जोड़ते हुए कहा कि इससे उन्हें रात में आराम से नींद आती है। सैफ ने इसी बात पर मजाक करते हुए कहा कि उनके बेडरूम में रात के समय ढाबे जैसी खुशबू आती है। इस पर शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
दोनों के नाइट रूटीन का भी खुला राज
कपिल शर्मा ने शो में करीना और सैफ से उनके नाइट रूटीन को लेकर भी सवाल किए। जब करीना से पूछा गया कि क्या सैफ रात में खर्राटे लेते हैं, तो उन्होंने हामी भर दी। इसके बाद सैफ ने भी करीना को नहीं छोड़ा और बताया कि वह भी खर्राटे लेती हैं। सैफ ने यहां तक कहा कि उन्होंने एक बार करीना के खर्राटों को रिकॉर्ड किया था और रिकॉर्डिंग सुनकर उन्हें यकीन नहीं हुआ कि आवाज करीना की थी।
करीना ने बताया- सैफ ने तीन बार किया था प्रपोज
शो में दोनों ने अपनी लव स्टोरी से जुड़ी बातें भी साझा कीं। करीना ने बताया कि सैफ ने उन्हें तीन अलग-अलग मौकों पर प्रपोज किया था। इनमें मुंबई, ग्रीस और पेरिस शामिल थे। करीना के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने सैफ का प्रपोजल स्वीकार किया। सैफ ने इस बात पर मजाक करते हुए कहा कि अगर करीना मुंबई में ही मान जातीं तो उनके काफी पैसे बच जाते।
5वें बच्चे पर क्या बोलीं करीना?
कपिल शर्मा ने सैफ की उम्र और परिवार को लेकर मजाक करते हुए कहा कि उनके हर दशक में एक बच्चा है। इसके बाद करीना ने भी सैफ को चिढ़ाते हुए पूछा कि अब आगे क्या प्लान है। शो में अर्चना पूरन सिंह ने आने वाले नए दशक का जिक्र करते हुए सैफ के पांचवें बच्चे की ओर इशारा किया। इस पर करीना ने तुरंत मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा बच्चा उनके साथ नहीं होगा।
इस पूरे मजाक को शो की हल्की-फुल्की बातचीत के तौर पर देखा गया। करीना और सैफ की इस नोकझोंक ने दर्शकों को खूब हंसाया और दोनों की 14 साल बाद भी कायम दोस्ताना केमिस्ट्री एक बार फिर चर्चा में आ गई।
