टेक्नोलॉजी की दुनिया में Apple के सितंबर इवेंट को लेकर हलचल तेज हो गई है। कंपनी ने अपने अगले बड़े लॉन्च इवेंट की तारीख 9 सितंबर 2026 तय कर दी है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में होने वाले इस कार्यक्रम में Apple अपनी नई iPhone सीरीज के साथ कुछ और नए प्रोडक्ट्स पेश कर सकता है।
इस बार Apple का इवेंट इसलिए भी खास है क्योंकि कंपनी के अगले CEO John Ternus के कार्यकाल में यह पहला बड़ा iPhone लॉन्च होगा। Ternus 1 सितंबर से CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि Tim Cook Executive Chairman की भूमिका में रहेंगे।
iPhone 18 Pro और Pro Max पर फोकस
Apple के 9 सितंबर वाले इवेंट में सबसे पहले iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के आने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नए Pro मॉडल में प्रोसेसर, कैमरा और डिजाइन से जुड़े कई अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं।
इन डिवाइसेज में A20 Pro चिप दिए जाने की चर्चा है। वहीं iPhone 18 Pro Max में बेहतर कैमरा सिस्टम और वेरिएबल अपर्चर की संभावना जताई जा रही है। कुछ रिपोर्ट्स में छोटे Dynamic Island और नए C2 मॉडम का भी जिक्र है।
हालांकि, इस साल के सितंबर इवेंट में स्टैंडर्ड iPhone 18 के लॉन्च को लेकर अलग तस्वीर सामने आ रही है। मौजूदा रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेगुलर iPhone 18 और कुछ अन्य मॉडल 2027 की पहली छमाही में पेश किए जा सकते हैं।
क्या Apple लॉन्च करेगा अपना पहला Foldable iPhone?
Apple के फोल्डेबल फोन को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता है। कंपनी ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसे सितंबर इवेंट का संभावित बड़ा सरप्राइज बताया जा रहा है।
संभावित फोल्डेबल iPhone में बुक-स्टाइल डिजाइन दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन खुलने पर इसका इंटरनल डिस्प्ले लगभग 7.8 इंच का हो सकता है। बाहरी स्क्रीन करीब 5.3-5.5 इंच की होने की संभावना जताई गई है। फोन का नाम iPhone Fold या iPhone Ultra हो सकता है, लेकिन नाम को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
कीमत को लेकर भी कई अनुमान सामने आ चुके हैं। कुछ रिपोर्ट्स में फोल्डेबल iPhone की शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर या उससे ज्यादा होने की बात कही गई है। यह इसे Apple के सबसे महंगे iPhone मॉडल्स में शामिल कर सकता है।
Apple Watch और दूसरे प्रोडक्ट भी आ सकते हैं
iPhone के अलावा Apple Watch के नए मॉडल और दूसरे डिवाइसेज को लेकर भी अटकलें हैं। रिपोर्ट्स में Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra के नए मॉडल्स का जिक्र किया गया है। इसके अलावा AirPods और स्मार्ट होम डिवाइसेज से जुड़े अपडेट भी देखने को मिल सकते हैं।
Apple का यह इवेंट भारत में टेक यूजर्स के लिए भी खास रहेगा। कार्यक्रम अमेरिका में सुबह 10 बजे PT पर शुरू होगा, जो भारत में रात करीब 10:30 बजे के आसपास होगा। कंपनी इसे अपनी वेबसाइट, YouTube और Apple TV पर लाइव दिखाएगी।
